Greenfield Expressway approved: गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा जेवर एयरपोर्ट, 8586 करोड़ की परियोजना को मिली मंजूरी

जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 74.5 किलोमीटर लंबे छह लेन के ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे को हाल ही में मंजूरी मिल गई
जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले 74.5 किलोमीटर लंबे छह लेन के ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे को हाल ही में मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 8,586 करोड़ रुपए है। हाल में पेश किए गए अनुपूरक बजट में इसके लिए 250 करोड़ रुपए का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।
इस लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के बड़े हिस्से की जेवर हवाई अड्डे तक पहुंच आसान हो जाएगी। दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड से आने वाले यात्रियों को भी हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। इससे हवाई अड्डे के संपर्क का दायरा बढ़ेगा और यात्री तथा हवाई कार्गो की संख्या में वृद्धि की संभावना है। यह परियोजना लाजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, होटल, पर्यटन और औद्योगिक निवेश को भी बढ़ावा देने में सहायक होगी।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने इस मंजूरी के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश को देश-दुनिया से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण आर्थिक गलियारा साबित होगा। उन्होंने विकास परियोजनाओं के लिए भूमि देने वाले किसानों के योगदान को भी सराहा।
किसानों के आबादी भूखंडों को लेकर लंबे समय से अटके मसले का समाधान करने के लिए नोएडा प्राधिकरण ने एक मसौदा तैयार किया है। इसके तहत दीपावली तक किसानों के लंबित पांच फीसद आबादी भूखंडों को आवंटित किया जाएगा। करीब 350 से अधिक पात्र किसानों के लिए सेक्टर-146 आदि क्षेत्रों में जमीन की पहचान की गई है।















