Heavy Rain Causes Chaos in Delhi-NCR: बारिश ने दिल्ली-NCR में मचाई तबाही, जलभराव के कारण एंबुलेंस भी फंसी

शुक्रवार सुबह से शुरू हुई तेज बारिश ने दिल्ली-ncr की रफ्तार को पूरी तरह से थाम दिया है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम जैसे इलाकों में भारी जलभराव हो
शुक्रवार सुबह से शुरू हुई तेज बारिश ने दिल्ली-NCR की रफ्तार को पूरी तरह से थाम दिया है। दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गुरुग्राम जैसे इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। कई प्रमुख सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं, अंडरपास पानी में डूब गए हैं और जगह-जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। हजारों लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे हैं। बारिश के कारण कई वाहन भी पानी में बंद हो गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई है। विभाग का कहना है कि 10 से 12 अगस्त तक रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बारिश का सबसे ज्यादा असर नोएडा और ग्रेटर नोएडा में देखने को मिला है। सेक्टर-21, सेक्टर-95, मुख्य चौराहों और कई अंडरपासों में तीन से चार फीट तक पानी भर गया है। जलभराव के कारण कई कारें और दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए। नोएडा सेक्टर-95 अंडरपास में एक एंबुलेंस पानी में फंस गई है। पानी की मात्रा इतनी अधिक थी कि एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी।
राजधानी दिल्ली में भी बारिश का असर साफ दिखाई दिया है। मेहरौली-बदरपुर रोड, आईटीओ, वजीराबाद रोड, पटेल रोड, रोहतक रोड, शंकर रोड, कीर्ति नगर, दिल्ली-जयपुर हाईवे, पीरागढ़ी और शाहीन बाग जैसे इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। पूर्वी दिल्ली के जीटी रोड, जीटीबी एन्क्लेव और दिलशाद गार्डन में भी वाहन रेंगते हुए नजर आए। वहीं रायसीना मार्ग, जनपथ और अशोक रोड समेत सेंट्रल दिल्ली के कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश का प्रभाव रोजमर्रा की जिंदगी पर भी पड़ा है। स्कूलों की छुट्टी के समय कई इलाकों में सड़कें पानी से भर गईं, जिससे बच्चों को घर पहुंचने में काफी देर हुई। अस्पताल जाने वाले मरीज भी ट्रैफिक जाम और जलभराव में फंस गए हैं। कई एंबुलेंसों की आवाजाही प्रभावित हुई है। नौकरीपेशा लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ा और कई लोग समय पर अपने दफ्तर नहीं पहुंच सके।
दिल्ली के दुर्गा विहार इलाके में भी बारिश के बाद गंभीर जलभराव देखने को मिला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नालों की समय पर सफाई नहीं होने के कारण हर बारिश में यही स्थिति बन जाती है। एमसीडी स्कूल के बाहर पानी भरने से बच्चों और अभिभावकों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। गुरुग्राम में भी तेज बारिश के कारण कई जगह जलभराव हो गया है। ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही है। डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत ने बताया कि डायल-112 की टीमों को जलभराव और अन्य आपात स्थितियों के लिए तैयार रखा गया है।
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों और अंडरपास से बचने, बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।

















