Heavy Rainfall in Balrampur: झमाझम बारिश से धान को मिली संजीवनी, जलभराव से बढ़ी परेशानी

बलरामपुर जिले में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। लगभग दो घंटे तक हुई इस वर्षा ने सूख रही धान की फसल को संजीवनी प्रदान की, लेकिन इसके साथ
बलरामपुर जिले में मंगलवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। लगभग दो घंटे तक हुई इस वर्षा ने सूख रही धान की फसल को संजीवनी प्रदान की, लेकिन इसके साथ ही जिला मुख्यालय और कई ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो गई। मौसम विभाग ने आगामी पांच अगस्त के लिए जिले में भारी बारिश और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका जताते हुए एक अलर्ट जारी किया है। पेहर बाजार क्षेत्र में हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। करीब डेढ़ घंटे तक हुई तेज बारिश ने धान की फसल को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया। किसानों राधेश्याम, मनमोहन और जानकी प्रसाद ने बताया कि रोपाई के बाद बारिश की कमी के कारण धान के पौधे मुरझाने लगे थे, जिससे किसान चिंतित थे। अब खेतों में पानी भरने से नमी लौट आई है और फसल की पैदावार में सुधार की उम्मीद बढ़ गई है।
ललिया क्षेत्र में भी अच्छी बारिश से किसानों ने राहत की सांस ली है। किसान मनीष कुमार ने बताया कि बारिश न होने के कारण खेतों में नमी की कमी थी और उर्वरक डालने का कार्य नहीं हो पा रहा था। अब पर्याप्त वर्षा होने से उर्वरक डालने का काम शुरू होगा, जिससे फसल को लाभ मिलने की संभावना है। वहीं, दोपहर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद नगर के तुलसीपार्क, नई बस्ती, खलवा और पूरबटोला मोहल्लों में जलभराव हो गया। इससे लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रीदत्तगंज और महदेइया बाजार में नालियों के पटी होने के कारण सड़क पर घंटों तक पानी जमा रहा। कई दुकानों में बारिश का पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा।

















