HP Vidhan Sabha Session: हिमाचल विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त से होगा शुरू

हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत अपनी शक्तियों
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त 2026 से प्रारंभ होने जा रहा है। राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(1) के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए हिमाचल प्रदेश की 14वीं विधानसभा के 12वें सत्र का आह्वान किया है। इस संदर्भ में विधानसभा सचिवालय ने शनिवार को एक अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, यह सत्र शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को सुबह 11:00 बजे हिमाचल प्रदेश विधानसभा भवन, शिमला में शुरू होगा। यह अधिसूचना 30 जुलाई 2026 को राज्यपाल द्वारा जारी आदेश के आधार पर एक अगस्त को सामान्य सूचना के लिए प्रकाशित की गई है। विधानसभा सचिवालय की ओर से जारी आदेश पर सचिव यश पाल शर्मा के हस्ताक्षर हैं। अधिसूचना की प्रतियां सभी विधायकों, हिमाचल से लोकसभा और राज्यसभा सांसदों, मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, उपमुख्यमंत्री, विपक्ष के नेता, सभी विभागाध्यक्षों और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं।
मानसून सत्र के दौरान प्रदेश सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक, वित्तीय प्रस्ताव और जनहित से जुड़े विषय सदन में प्रस्तुत कर सकती है। इस सत्र में विपक्ष भी प्रदेश में आपदा प्रबंधन, सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार कर रहा है। ऐसे में आगामी सत्र के दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। प्रदेश की राजनीति के लिए यह सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इसमें विभिन्न विभागों के कार्यों, विकास योजनाओं और सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
















