PM Solar Home Scheme: बिहार में 24 हजार से अधिक घरों में लगा सोलर, 161.76 करोड़ की जारी हुई सब्सिडी

भागलपुर से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जिले में 1,144 परिवारों के घरों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। इस योजना का
भागलपुर से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जिले में 1,144 परिवारों के घरों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। इस योजना का उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराना है। केंद्र सरकार ने इन लाभार्थियों के लिए 7.75 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी जारी की है। यह जानकारी सांसद अजय कुमार मंडल द्वारा संसद के मानसून सत्र में पूछे गए सवाल के उत्तर में दी गई। सांसद ने योजना की प्रगति के साथ-साथ बैंक ऋण स्वीकृति में हो रही देरी और कुछ स्थानों पर निम्न गुणवत्ता के उपकरण लगाए जाने की शिकायतों का मुद्दा भी उठाया।
केंद्र सरकार के अनुसार, 22 जुलाई 2026 तक बिहार में इस योजना के तहत 87,787 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 24,238 रूफटॉप सौर प्रणाली स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि 24,970 परिवारों को योजना का लाभ मिला है। राज्य में अब तक 161.76 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की जा चुकी है। सांसद ने जिले के अधिक से अधिक पात्र परिवारों से इस उपयोगी योजना का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली की समस्या का समाधान करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी मददगार साबित होगी।
केंद्र सरकार ने योजना के तहत लगाए जाने वाले उपकरणों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सख्त मानक लागू किए हैं। पंजीकृत विक्रेताओं से उपकरणों की खरीद और पांच वर्ष तक नि:शुल्क रखरखाव अनिवार्य किया गया है। इसके अलावा, थर्ड-पार्टी निरीक्षण की व्यवस्था भी की गई है। शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए 15555 टोल-फ्री हेल्पलाइन भी संचालित की जा रही है। सांसद ने लाभार्थियों को सलाह दी है कि यदि उन्हें बैंक ऋण, सोलर वेंडर या अन्य किसी प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, तो वे तुरंत शिकायत दर्ज कराएं ताकि उनकी समस्याओं का समाधान किया जा सके।
















