Controversy over Indian Team's Jersey: भारतीय टीम की 'भगवा' जर्सी को लेकर मचा बवाल, पूर्व कप्तान ने हॉकी इंडिया पर उठाए सवाल

एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 से पहले भारतीय हॉकी टीम की जर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दशकों से नीली जर्सी में खेलने वाली भारतीय टीम अब विश्व कप में मुख्य रूप
एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 से पहले भारतीय हॉकी टीम की जर्सी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दशकों से नीली जर्सी में खेलने वाली भारतीय टीम अब विश्व कप में मुख्य रूप से भगवा रंग की किट पहनने जा रही है। हॉकी इंडिया के इस फैसले ने खेल जगत में बहस छेड़ दी है। पूर्व कप्तान विरेन रासकिन्हा ने इस निर्णय पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि भारतीय टीम की पहचान हमेशा नीली जर्सी रही है और इसे बदलने का कोई तर्क समझ नहीं आता। रासकिन्हा ने लिखा, 'मुझे ये कहना पड़ रहा है कि हॉकी इंडिया ने भारत के लिए कई अच्छे काम किए हैं, लेकिन यह फैसला शर्मनाक है। भारतीय टीम की विरासत और पहचान हमेशा नीली जर्सी रही है। मैंने कई वर्षों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है। प्रशंसक भी भारतीय टीम को नीली जर्सी में देखना चाहते हैं। आखिर नारंगी (भगवा) रंग का तर्क क्या है।' रासकिन्हा का मानना है कि भारतीय हॉकी टीम की नीली जर्सी केवल एक रंग नहीं है, बल्कि दशकों से बनी उसकी पहचान और विरासत का हिस्सा है। ओलंपिक से लेकर विश्व कप और एशियाई खेलों तक भारतीय टीम को इसी रंग में दुनिया ने देखा है। ऐसे में विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट से ठीक पहले जर्सी का रंग बदलने का फैसला कई पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों को हैरान कर रहा है।
विरेन रासकिन्हा की टिप्पणी इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने भारतीय हॉकी के स्वर्णिम दौर का हिस्सा रहते हुए देश का नेतृत्व किया है। रासकिन्हा जूनियर विश्व कप 2001 जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे हैं। इसके बाद उन्होंने सीनियर टीम की कप्तानी भी की। उन्होंने एथेंस ओलंपिक 2004, पुरुष हॉकी विश्व कप 2006 और चैंपियंस ट्रॉफी टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें अपने दौर के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर्स में गिना जाता है। जर्सी को लेकर विवाद जरूर छिड़ा है, लेकिन दूसरी ओर भारतीय टीम विश्व कप की तैयारियों में पूरी तरह जुटी हुई है। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन टीम की रणनीति, फिटनेस और मानसिक मजबूती पर लगातार काम कर रहे हैं। हाल ही में कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने स्विट्जरलैंड में प्रसिद्ध मानसिक प्रदर्शन विशेषज्ञ पैडी अप्टन के साथ तीन दिन का विशेष प्रशिक्षण शिविर लगाया। इसके अलावा टीम पेनल्टी कॉर्नर, सेट-पीस और मैच फिटनेस पर भी खास फोकस कर रही है।
















