Protest at Jantar Mantar: 5 अगस्त को EPS-95 पेंशनर्स करेंगे विरोध, 81 लाख लोगों की बनेंगे आवाज

देशभर के पेंशनर्स 5 अगस्त को जंतर-मंतर पर एक बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। यह प्रदर्शन न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह, महंगाई भत्ता और पेंशनर दंप
देशभर के पेंशनर्स 5 अगस्त को जंतर-मंतर पर एक बड़ा प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। यह प्रदर्शन न्यूनतम पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह, महंगाई भत्ता और पेंशनर दंपतियों को मुफ्त चिकित्सा सुविधा की मांग को लेकर किया जाएगा। इस संबंध में ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमांडर अशोक राऊत ने बताया कि पिछले दस वर्षों से संगठन अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहा है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से कई बार आश्वासन मिलने के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे देश के लाखों पेंशनर्स में नाराजगी बढ़ रही है।
कमांडर राऊत ने यह भी बताया कि देश में ईपीएस-95 योजना से जुड़े लगभग 81 लाख पेंशनर्स हैं, जिन्हें औसतन 1,171 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिल रही है। यह राशि वर्तमान महंगाई के दौर में जीवनयापन के लिए नाकाफी है। पेंशन तय होने के बाद उसमें आजीवन कोई वृद्धि नहीं होती, जबकि आवश्यक वस्तुओं और चिकित्सा खर्च लगातार बढ़ रहा है। इसके अलावा, पेंशनर दंपतियों के लिए मुफ्त चिकित्सा सुविधा का अभाव उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों में डाल रहा है। इस स्थिति के चलते पेंशनर्स की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं, और वे अपनी आवाज उठाने के लिए मजबूर हो रहे हैं।
















