Protests in Kullu Hospital Death Case: स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग पर आमरण अनशन

कुल्लू, हिमाचल प्रदेश में रजनी शर्मा उर्फ मंजू की मौत के मामले ने एक बार फिर से तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार, सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव ठाकुर
कुल्लू, हिमाचल प्रदेश में रजनी शर्मा उर्फ मंजू की मौत के मामले ने एक बार फिर से तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार, सामाजिक कार्यकर्ता बलदेव ठाकुर उर्फ बंटी सराजी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सोमवार को कुल्लू के रथ मैदान में जन आंदोलन शुरू किया। उन्होंने आमरण अनशन पर बैठने का फैसला लिया है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डा. धनीराम शांडिल नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। रथ मैदान में करीब 300 लोग एकत्र हुए, जहां से प्रदर्शनकारी उपायुक्त कार्यालय की ओर रोष रैली निकालते हुए गए। इस दौरान कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर दो दर्जन से अधिक पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहे। आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन भी भेजा।
मृतका के पति सतीश शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी की मौत की जांच रिपोर्ट में लीपापोती की गई है और अब तक दोषियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिलने के कारण अब आमरण अनशन ही अंतिम विकल्प बचा है। सतीश ने चेतावनी दी कि यदि अनशन के दौरान किसी की तबीयत बिगड़ती है या कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी। इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देने में सरकार की लापरवाही से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
















