Public Outrage in Bhagalpur: दो मासूमों के कातिल को सौंपने की मांग पर उग्र हुआ जनसैलाब

नाथनगर थाना परिसर में मंगलवार को दो मासूम बच्चों की हत्या के मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को स्वजनों के हवाले करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। म
नाथनगर थाना परिसर में मंगलवार को दो मासूम बच्चों की हत्या के मुख्य आरोपी सुभाष मंडल को स्वजनों के हवाले करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। मृत बच्चों के स्वजनों और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर टायर जलाकर जाम लगा दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को फांसी देने की मांग की। बताया जाता है कि जब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्वजन उसे खोजते हुए जीरोमाइल थाना पहुंचे, तो वहां से उन्हें जानकारी मिली कि आरोपी को कचहरी ले जाया गया है। कचहरी परिसर में आरोपी के स्वजनों को देखकर दोनों पक्षों में झड़प भी हुई। जब आरोपी वहां भी नहीं मिला, तो आक्रोशित लोग सीधे नाथनगर थाना पहुंच गए। हाजत में आरोपी को न पाकर उनका गुस्सा और भड़क गया और दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक भारी हंगामा हुआ।
बवाल की सूचना मिलते ही अंचल निरीक्षक (इंसपेक्टर) रंजीत रजक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने उग्र प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उनकी मांगों को लिखित रूप में देने को कहा। पुलिस द्वारा मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद लोग शांत हुए और सड़क जाम खत्म कराया गया। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने 20 मई को गायब हुई पांच बच्चियों की घटना के लिए भी आरोपी सुभाष मंडल को जिम्मेदार ठहराया, हालांकि बाद में बच्चियों के सुरक्षित बरामद होने पर घूमने जाने की बात सामने आई थी।















