Local Body Elections in Rajasthan: भाजपा-कांग्रेस की सीधी लड़ाई में तीसरे मोर्चे की दस्तक

राजस्थान के निकाय और पंचायत चुनाव इस बार बहुकोणीय होने जा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के साथ-साथ आम आदमी पार्टी (aap), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादु
राजस्थान के निकाय और पंचायत चुनाव इस बार बहुकोणीय होने जा रहे हैं। भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबले के साथ-साथ आम आदमी पार्टी (AAP), ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM), बहुजन समाज पार्टी (BSP) और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) की सक्रियता से कई सीटों पर मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना है। चुनावी तैयारियों के बीच ओबीसी आयोग ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है, जिसके बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा इस रिपोर्ट को लेकर दिल्ली गए हैं। RPI के केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने जयपुर में कहा कि भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत अंतिम चरण में है। उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी नगरीय निकाय चुनाव भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ेगी और सीटों की संख्या जल्द तय कर ली जाएगी।
बसपा ने भी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी 23 अगस्त को जयपुर के बिरला ऑडिटोरियम में कार्यकर्ता सम्मेलन और संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित करने जा रही है। बसपा के प्रदेश प्रभारी भगवान सिंह बाबा ने बताया कि राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि होंगे और प्रदेशभर से कार्यकर्ता इसमें शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह बैठक केवल कार्यकर्ता सम्मेलन नहीं बल्कि पंचायत और निकाय चुनाव की रणनीति तय करने का मंच भी होगी। पार्टी उन सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है जहां जीत की संभावना दिखाई देती है। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। बसपा का मानना है कि भाजपा और कांग्रेस, दोनों से नाराज मतदाताओं के बीच उसके लिए राजनीतिक अवसर मौजूद है।
AIMIM ने भी पहली बार राजस्थान के पंचायत और निकाय चुनाव में आधिकारिक रूप से उतरने का फैसला किया है। प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट आरिफ मोहम्मद ने बताया कि पार्टी जल्द ही प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान शुरू करेगी। संगठन को गांव, वार्ड और जिला स्तर तक मजबूत करने की रणनीति तैयार की गई है और ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी जिनकी स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ हो। आम आदमी पार्टी ने भी राजस्थान के सभी नगरीय निकाय चुनाव पूरे दमखम के साथ लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कीर्ति पाठक ने कहा कि AAP पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त नगर प्रशासन को मुख्य मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ेगी। वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक विश्लेषक मनीष गोधाका का कहना है कि अधिक दलों के मैदान में उतरने से मतदाताओं के पास विकल्प बढ़ेंगे, लेकिन मुकाबला पहले की तुलना में ज्यादा बिखरा हुआ भी हो सकता है।
















