Practice match controversy: श्रीलंका में पिच को लेकर भारतीय टीम में बढ़ी चिंता

भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले प्रैक्टिस मैच खेलने के लिए तैयार है, लेकिन इससे पहले ही पिच को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया
भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका दौरे पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले प्रैक्टिस मैच खेलने के लिए तैयार है, लेकिन इससे पहले ही पिच को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। भारतीय टीम 7 अगस्त से कोलंबो में नॉनडिस्क्रिप्ट क्रिकेट क्लब (NCC) के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच खेलेगी। हालांकि, जिस पिच पर यह मुकाबला होना है, उसने टीम इंडिया के मैनेजमेंट को निराश किया है। भारतीय टीम की अपेक्षा थी कि उसे गॉल टेस्ट जैसी स्पिन मददगार परिस्थितियों वाली विकेट मिलेगी, ताकि बल्लेबाज और स्पिनर दोनों टेस्ट सीरीज से पहले बेहतर तैयारी कर सकें। लेकिन अभ्यास मैच के लिए तैयार की गई पिच पर हल्की घास छोड़ी गई है, जिससे तेज गेंदबाजों को अधिक मदद मिलने की संभावना है, जबकि स्पिनरों का प्रभाव शुरुआती दिनों में कम रहेगा।
कोलंबो का नॉनडिस्क्रिप्ट क्रिकेट क्लब श्रीलंका के सबसे पुराने क्रिकेट क्लबों में से एक है, जिसकी स्थापना 1888 में हुई थी। भारतीय टीम फिलहाल यहीं अभ्यास कर रही है। पहले भारत और एनसीसी के बीच चार दिवसीय प्रैक्टिस मैच प्रस्तावित था, लेकिन इसे बाद में घटाकर तीन दिन का कर दिया गया। पिच को लेकर उठे विवाद के बीच क्लब प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि उसने अपनी ओर से कोई निर्णय नहीं लिया है। क्लब के अनुसार, श्रीलंका क्रिकेट के निर्देश पर ही घास वाली विकेट तैयार की गई है। उनका मानना है कि इस पिच पर बल्लेबाजों को अच्छे रन बनाने का मौका मिलेगा और टॉस जीतने वाली टीम के लिए पहले बल्लेबाजी करना फायदेमंद हो सकता है।
















