Rajasthan Teacher Recruitment: राजस्थान में फर्जी खेल प्रमाण पत्र से नौकरी पाने वाले 28 शिक्षक बर्खास्त, 35 गिरफ्तार

राजस्थान में तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2022 में खेल कोटे के तहत फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी प्राप्त करने वाले 28 अभ्यर्थियों को बर्खास्त कर
राजस्थान में तृतीय श्रेणी अध्यापक सीधी भर्ती परीक्षा-2022 में खेल कोटे के तहत फर्जी प्रमाण पत्र के आधार पर नौकरी प्राप्त करने वाले 28 अभ्यर्थियों को बर्खास्त कर दिया गया है। इन सभी की गिरफ्तारी के बाद यह कार्रवाई की गई है। विशेष ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने अब तक 35 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से कई अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच अभी भी जारी है। यह मामला तब सामने आया जब एसओजी ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और 14 जिलों के साथ हरियाणा में भी कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों ने ताइक्वांडो के फर्जी प्रमाण पत्र और झूठी सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर नौकरी हासिल की थी। एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जयपुर स्थित एसओजी पुलिस थाने में इन सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान एसओजी को भीलवाड़ा जिले में तैनात शारीरिक शिक्षक योगेंद्र कुमार के मोबाइल में ताइक्वांडो फेडरेशन से संबंधित एक ई-मेल का स्क्रीनशाट मिला। इस ई-मेल में 39 अभ्यर्थियों के खेल प्रमाण पत्रों का सत्यापन करने और शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजने की बात कही गई थी। जब इस ई-मेल की तकनीकी जांच की गई, तो पता चला कि यह संदिग्ध ई-मेल आईडी दुबई से बनाई गई थी। इस आईडी का उपयोग झारखंड के धनबाद निवासी विमलेंदु कुमार झा कर रहा था। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया की सूची में इस नाम का कोई पदाधिकारी नहीं पाया गया। इसके बाद एसओजी ने झा को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर रवि शर्मा को भी पकड़ा गया।
















