Sawan Mela 2026: मुजफ्फरपुर में डाक कांवड़ियों को मिलेगी अलग पहचान

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सावन माह की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है और इस अवसर पर मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला का उद्घाटन 2 अगस्त को डीएन हाईस्कूल में किया
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरपुर। सावन माह की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है और इस अवसर पर मुजफ्फरपुर में श्रावणी मेला का उद्घाटन 2 अगस्त को डीएन हाईस्कूल में किया जाएगा। इस मेले के दौरान कांवरियों की सुरक्षा और पहचान को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। शुक्रवार से कांवरिया जलबोझी के लिए पहलेजा घाट की ओर रवाना होंगे। इसके बाद रविवार से डाक कांवड़ियों का जत्था भी निकलना शुरू होगा। प्रशासन ने डाक कांवड़ियों के लिए रिस्ट बैंड की व्यवस्था की है, जिससे उनकी पहचान को सुनिश्चित किया जा सकेगा। प्रशासन ने सभी डाक कांवड़ियों से अपील की है कि वे रिस्ट बैंड अपने पास रखें ताकि उनकी पहचान में कोई कठिनाई न हो।
इस संबंध में एसडीओ पूर्वी आनंद उत्सव ने अपर समाहर्ता राजस्व कुमार प्रशांत को पत्र लिखकर 3.80 लाख रिस्ट बैंड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। शनिवार को पहलेजा घाट पर स्थानीय प्रशासन को इन रिस्ट बैंड की आपूर्ति करने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की योजना के अनुसार, एक अगस्त को 60 हजार, आठ अगस्त को 1.10 लाख, 15 अगस्त को 1.50 लाख और 22 अगस्त को 60 हजार रिस्ट बैंड वितरित किए जाएंगे। विशेष रूप से दूसरी और तीसरी सोमवारी पर अधिक भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने व्यवस्था को और मजबूत करने का निर्णय लिया है। यह रिस्ट बैंड डाक कांवड़ियों को कतार में आगे बढ़ने की सुविधा प्रदान करेगा।


















