Commonwealth Games Medal Winner: गुलवीर सिंह को मंत्री संदीप सिंह ने दी बधाई

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अलीगढ़ के परिषदीय विद्यालय के पूर्व छात्र गुलवीर सिंह ने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। अलीगढ़ के परिषदीय विद्यालय के पूर्व छात्र गुलवीर सिंह ने हाल ही में कॉमनवेल्थ गेम्स में 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। संदीप सिंह ने गुलवीर की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि अलीगढ़ के ब्लाक बिजौली स्थित कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय, सिरसा के पूर्व छात्र गुलवीर सिंह ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का तिरंगा गौरवान्वित किया है। यह न केवल गुलवीर के लिए, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनके इस प्रदर्शन ने यह साबित कर दिया है कि अगर मन में लगन और मेहनत हो, तो कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर खेल सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ ही खेल अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। संदीप सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले। गुलवीर सिंह की सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और युवा खिलाड़ी अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल सकें।
















