Smugglers Awaiting Customers: दिल्ली पुलिस ने 1 करोड़ की प्रतिबंधित सिगरेट के साथ 4 को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने अवैध तंबाकू कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली से 2.82 लाख से अधिक प्रतिबंधित आयातित सिगरेट की स्टिक बरामद की हैं। इ
दिल्ली पुलिस ने अवैध तंबाकू कारोबार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर-पूर्वी दिल्ली से 2.82 लाख से अधिक प्रतिबंधित आयातित सिगरेट की स्टिक बरामद की हैं। इन सिगरेट की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह बरामदगी दो चरणों में की गई। पहले करावल नगर क्षेत्र से खेप पकड़ी गई और उसके बाद मिली जानकारी के आधार पर बुढ़पुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित आयातित सिगरेट बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, 4 अगस्त को टीम को सूचना मिली थी कि करावल नगर इलाके में प्रतिबंधित आयातित सिगरेट की खेप पहुंचने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शिव विहार में जाल बिछाया। शाम करीब 4:30 बजे तीन युवक मोटरसाइकिल पर बोरों में सिगरेट लेकर पहुंचे और ग्राहक का इंतजार करने लगे। काफी देर तक कोई नहीं आने पर जब वे वहां से जाने लगे तो पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित (35), विशाल (28) और राहुल (36) के रूप में हुई है। तीनों करावल नगर क्षेत्र के निवासी हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास से 79 कार्टन में रखी 12,640 आयातित सिगरेट बरामद कीं, जिनका निर्माण इंडोनेशिया में हुआ था। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बरामद सिगरेट के पैकेटों पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के तहत अनिवार्य स्वास्थ्य चेतावनी अंकित नहीं थी। इसलिए भारत में इनकी बिक्री प्रतिबंधित है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। बरामदगी के आधार पर करावल नगर थाने में COTPA की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपने सप्लायर का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को दिल्ली से कथित सप्लायर नीरज कपूर (55) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि नीरज कपूर की निशानदेही पर बुढ़पुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक गोदाम में छापा मारा गया, जहां से विभिन्न ब्रांडों की करीब 2.70 लाख प्रतिबंधित आयातित सिगरेट बरामद हुईं। इस कार्रवाई के बाद मामले में कुल बरामदगी 2,82,640 प्रतिबंधित आयातित सिगरेट तक पहुंच गई है, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है। पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल के खिलाफ पहले चोरी और झपटमारी का एक मामला दर्ज है, जबकि अन्य तीन आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ये प्रतिबंधित सिगरेट कहां से मंगाई गईं, इनके वित्तीय लेनदेन कैसे हुए और इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे सप्लाई नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
















