Suspicious Death in Ludhiana: मेडिकल स्टोर में काम करने वाले युवक की संदिग्ध मौत, दुकान मालिक पर केस दर्ज

लुधियाना के पिंडी स्ट्रीट स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करने वाले 35 वर्षीय युवक तरसेम चंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, आशंका जताई
लुधियाना के पिंडी स्ट्रीट स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करने वाले 35 वर्षीय युवक तरसेम चंद की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, आशंका जताई जा रही है कि तरसेम ने किसी जहरीली वस्तु का सेवन कर आत्महत्या की है। मृतक की पत्नी संध्या रानी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पति मेडिकल स्टोर पर काम करता था और उसे समय पर तनख्वाह नहीं मिलती थी। इसके अलावा, दुकान के मालिक रोहित सूद द्वारा उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। संध्या ने आरोप लगाया कि इसी वजह से उसके पति ने आत्महत्या का कदम उठाया। पुलिस ने संध्या की शिकायत पर रोहित सूद के खिलाफ खुदकुशी के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। हालांकि, अभी तक आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
मृतक तरसेम चंद की पहचान जस्सियां रोड हैबोवाल कंला निवासी के रूप में हुई है। संध्या रानी ने बताया कि वह और उसका पति दोनों मिलकर घर का खर्च चलाते थे। एक जुलाई की दोपहर, तरसेम घर आया और जब संध्या दोपहर करीब साढ़े तीन बजे घर पहुंची, तो उसने देखा कि उसका पति जमीन पर बेसुध पड़ा हुआ है। संध्या ने पड़ोसियों की मदद से उसे डीएमसी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संध्या ने पुलिस को बताया कि जब उसने अपने पति की डायरी की जांच की, तो उसमें एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें तरसेम ने रोहित सूद को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
















