Theft in Guna: किसान के घर से 4.50 करोड़ की चोरी

मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक किसान के घर हुई चोरी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। यह घटना फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई, जहां बदमाशो
मध्य प्रदेश के गुना जिले में एक किसान के घर हुई चोरी ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। यह घटना फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में हुई, जहां बदमाशों ने देर रात घर की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषणों से भरी तिजोरी को चुरा लिया। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 4.50 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक हितिका वासल मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग टीमें गठित कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।
घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। फरियादी बाबूलाल मीना ने बताया कि यह वारदात रविवार देर रात करीब ढाई बजे हुई। वह और उनकी पत्नी एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका छोटा बेटा दूसरे कमरे में था। बदमाशों ने पहले खिड़की तोड़ी और घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने बेटे के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी, ताकि वह बाहर न निकल सके। चोरों ने दो मंजिला मकान में रखी तिजोरी को उठाकर घर से बाहर ले जाने के साथ ही बाहर खड़ी मोटरसाइकिल भी चुरा ली। परिवार के अनुसार तिजोरी में करीब ढाई किलो सोने के आभूषण, दो किलो चांदी के जेवर और लगभग 11.60 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। बाबूलाल मीना ने चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 4.50 करोड़ रुपये बताई है।
















