Mandi News: दुकानों के सामने पेड पार्किंग पर भड़के कारोबारी

सुंदरनगर में व्यापार मंडल ने नगर परिषद को एक ज्ञापन सौंपकर दुकानों के सामने संचालित पेड पार्किंग व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है क
सुंदरनगर में व्यापार मंडल ने नगर परिषद को एक ज्ञापन सौंपकर दुकानों के सामने संचालित पेड पार्किंग व्यवस्था को समाप्त करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि मौजूदा पार्किंग ठेका समाप्त हो चुका है और अब यहां दोबारा ठेका आवंटित नहीं किया जाना चाहिए। उनका तर्क है कि दुकानों के सामने पार्किंग शुल्क वसूले जाने से व्यापार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, जिससे ग्राहक खरीदारी के लिए रुकने से बच रहे हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण अग्रवाल के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में यह भी कहा गया कि भोजपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने पेड पार्किंग की व्यवस्था स्थानीय कारोबारियों के हित में नहीं है। व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि ग्राहकों से पार्किंग शुल्क वसूले जाने के कारण बाजार की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं, जिससे छोटे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
व्यापार मंडल ने बताया कि इस मुद्दे पर पहले भी नगर परिषद और संबंधित पार्षदों को कई बार ज्ञापन और पत्र सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने नगर परिषद से मांग की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुकानों के सामने किसी भी प्रकार का नया पार्किंग ठेका या नीलामी प्रक्रिया शुरू न की जाए। व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो वे स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में जनहित याचिका दायर करने सहित कानूनी विकल्प अपनाने पर मजबूर होंगे।
















