Train Route Change Alert: यूपी की इन ट्रेनों का बदल गया रास्ता, गाजियाबाद-मेरठ समेत कई स्टेशनों पर नहीं रुकेंगी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के गुलधर रेलवे स्टेशन पर गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) के विकास कार्य का मुरादाबाद मंडल के रेल संचालन
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के गुलधर रेलवे स्टेशन पर गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) के विकास कार्य का मुरादाबाद मंडल के रेल संचालन पर गहरा प्रभाव पड़ेगा। रेलवे ने इस कार्य के लिए विशेष पावर और ट्रैफिक ब्लाक स्वीकृत किया है, जिसके चलते 2 अगस्त तक पूर्व नान इंटरलाकिंग (पीएनआइ) और 3 अगस्त को नान इंटरलाकिंग (एनआइ) कार्य किया जाएगा। इस बदलाव के कारण मुरादाबाद मंडल से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया जाएगा, जबकि कुछ ट्रेनों को निर्धारित समय से विलंबित चलाने का निर्णय लिया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि इस ब्लाक का सबसे अधिक असर मुरादाबाद मंडल के यात्रियों पर पड़ेगा।
हरिद्वारदिल्ली एक्सप्रेस (14304) 30 जुलाई, 31 जुलाई और 3 अगस्त को अपने सामान्य मार्ग के बजाय टपरी-शामली-दिल्ली शाहदरा होकर दिल्ली पहुंचेगी। इस बदलाव के कारण नंगल, देवबंद, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी, मोदीनगर, मुरादनगर, गाजियाबाद और साहिबाबाद जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा, 31 जुलाई (शुक्रवार) को ओखादेहरादून एक्सप्रेस (19565) भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से दिल्ली शाहदरा, नाली और शामली होते हुए टपरी पहुंचेगी, जिससे गाजियाबाद, मोदीनगर, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और देवबंद स्टेशनों पर इसका ठहराव नहीं होगा।
एक अगस्त को पुरी-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (18477) भी बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन निजामुद्दीन से दिल्ली शाहदरा, नाली और टपरी होकर आगे बढ़ेगी, जिसके कारण गाजियाबाद, मेरठ, मेरठ कैंट, सकौती, मुजफ्फरनगर और देवबंद स्टेशनों पर यात्री इस ट्रेन का लाभ नहीं ले सकेंगे। मार्ग परिवर्तन के अलावा, कुछ ट्रेनों का संचालन भी नियंत्रित रहेगा। 30 जुलाई को पुरी-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को गाजियाबाद स्टेशन पर लगभग 25 मिनट विनियमित किया जाएगा। इसके बाद, 2 अगस्त को हरिद्वार-दिल्ली एक्सप्रेस को टपरी-मुडियाली रेलखंड में करीब 45 मिनट तक नियंत्रित रखा जाएगा। अंत में, 3 अगस्त को नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी एक्सप्रेस गाजियाबाद स्टेशन पर लगभग 10 मिनट विलंब से चलाई जाएगी।
















