Heavy Discounts on E-Vehicles: उत्तराखंड में 30 लाख रुपए तक के ई-वाहनों की खरीद पर भारी छूट

उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार एक नई नीति लागू करने जा रही है। परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति का एक प्रस्ताव तैया
उत्तराखंड में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार एक नई नीति लागू करने जा रही है। परिवहन विभाग ने इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति का एक प्रस्ताव तैयार किया है, जिसके तहत 30 लाख रुपये तक की कीमत वाले इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद पर प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही, राज्य में ई-वाहन चार्जिंग अवसंरचना का तेजी से विस्तार करने के लिए विभिन्न प्रकार की छूट भी प्रदान की जाएंगी। इस नीति का उद्देश्य प्रदूषण को कम करना और एक स्वच्छ, टिकाऊ परिवहन व्यवस्था का विकास करना है। परिवहन विभाग ने विभिन्न विभागों और संबंधित पक्षों से सुझाव लेकर नीति का अंतिम प्रारूप तैयार किया है।
इस प्रस्ताव के तहत दोपहिया, सार्वजनिक परिवहन, व्यावसायिक चारपहिया वाहनों और लास्ट माइल लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रदेशभर में सुरक्षित, सुलभ और किफायती चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रस्तावित नीति में ईवी विनिर्माण और सहायक उद्योगों में भी निवेश आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। ईवी चार्जिंग अवसंरचना को मजबूत करने के लिए मैदानी क्षेत्रों में चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने पर स्थायी पूंजी निवेश का 80 प्रतिशत और पर्वतीय क्षेत्रों में 90 प्रतिशत तक प्रोत्साहन देने का प्रस्ताव है।



















