New CNG Buses in Gurugram: 25 नई सीएनजी बसों की खरीद को मिली मंजूरी

गुरुग्राम की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपालिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने अपने बस बेड़े का
गुरुग्राम की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए गुरुग्राम मेट्रोपालिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) ने अपने बस बेड़े का विस्तार करने का निर्णय लिया है। हाल ही में हुई निदेशक मंडल की 40वीं बैठक में 25 नई बीएस-6 सीएनजी बसों की खरीद को मंजूरी दी गई। इस बैठक में शहर के लिए प्रस्तावित 100 इलेक्ट्रिक बसों में से पहली बस भी जीएमसीबीएल को मिल गई है। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई इस बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि वर्तमान में परिचालन अवधि पूरी कर चुकी 25 पुरानी बसों की जगह नई बसें खरीदी जाएंगी। ये नई मानक फर्श वाली बीएस-6 सीएनजी बसें 12 मीटर लंबी होंगी और इनमें 36 यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी। नई बसों के शामिल होने से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी।
जीएमसीबीएल ने इलेक्ट्रिक बसों के मामले में भी महत्वपूर्ण प्रगति की है। निगम को 25 सीटों वाली पहली पूर्ण वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस मिल चुकी है, जिसका ट्रायल जल्द ही शुरू किया जाएगा। इसके बाद शीघ्र ही 24 और इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल होंगी। अधिकारियों के अनुसार, चरणबद्ध तरीके से कुल 100 इलेक्ट्रिक बसें संचालित करने की योजना है, जिससे प्रदूषण कम होगा और यात्रियों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होगा। इस पहल से न केवल यातायात की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा में भी मदद मिलेगी।

















