UP Roadways: बरेली का रोडवेज बस रूट शुक्रवार से होगा बदल

बरेली से दिल्ली, लखनऊ और बदायूं जाने वाले रोडवेज बस रूट में शुक्रवार से महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। सावन माह की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा को देखते हुए
बरेली से दिल्ली, लखनऊ और बदायूं जाने वाले रोडवेज बस रूट में शुक्रवार से महत्वपूर्ण बदलाव होने जा रहा है। सावन माह की शुरुआत के साथ ही कांवड़ यात्रा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। शुक्रवार से लेकर सोमवार तक, रोडवेज बसों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। इस बदलाव के कारण बसों की दूरी बढ़ने के साथ-साथ किराया भी बढ़ जाएगा। निगम के अधिकारियों ने सभी चालक-परिचालकों को रूट डायवर्जन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं।
कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली से दिल्ली रूट पर कोई डायवर्जन लागू नहीं किया जाएगा। हाईवे पर एक साइड कांवड़ियों के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि दूसरी साइड पर सामान्य वाहनों का आवागमन जारी रहेगा। डायवर्जन की अवधि में पुराना बस अड्डा से चलने वाली बसें पटेल चौक, चौकी चौराहा, बियाबानी कोठी, मालियों की पुलिया और सेटेलाइट से बड़ा बाइपास होकर आगे बढ़ेंगी। वापसी भी इसी मार्ग से होगी। इस दौरान बरेली से बदायूं जाने वाले रूट पर हर सप्ताह शुक्रवार से सोमवार तक डायवर्जन लागू रहेगा, क्योंकि बदायूं जिले के कछला गंगा घाट पर सबसे अधिक कांवड़िये गंगाजल लेने पहुंचते हैं।
बरेली से बदायूं की दूरी 50 किमी है, लेकिन रूट डायवर्जन लागू होने के बाद यह दूरी बढ़कर 105 किमी हो जाएगी। इससे किराया भी बढ़ेगा। दिल्ली की ओर जाने वाली बसें सेटेलाइट से नरियावल, ट्रांसपोर्ट नगर और इन्वर्टिस तिराहा बाइपास होकर आगे बढ़ेंगी, जबकि लखनऊ की ओर जाने वाली बसें सेटेलाइट से नरियावल, ट्रांसपोर्ट नगर और फरीदपुर होते हुए निकलेंगी। एआरएम रुहेलखंड डिपो, अरुण कुमार बाजपेई ने बताया कि रूट डायवर्जन के संबंध में सभी चालक-परिचालकों को आवश्यक निर्देश दे दिए गए हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान बरेली-बदायूं रोड पर भारी वाहनों का रूट डायवर्जन किया गया है, लेकिन हल्के वाहन चलते रहेंगे। एनएचएआइ बदायूं के परियोजना निदेशक, उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि हाईवे का चौड़ीकरण किया जा रहा है और कांवड़ियों के लिए एक साइड आरक्षित की गई है।
















