ED's Major Action in Jharkhand: कोयला माफिया LB सिंह का 160 करोड़ का निवेश फ्रीज

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के धनबाद में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े मामलों में मनी लांड्रिंग की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को 31 ठिकानों पर
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड के धनबाद में अवैध कोयला खनन और उससे जुड़े मामलों में मनी लांड्रिंग की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को 31 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अवैध परिवहन, कोयला उठाने पर जबरन वसूली और लेवी से संबंधित मामलों में की गई। ईडी ने इस दौरान कोयला माफिया एलबी सिंह के माध्यम से म्यूचुअल फंड में किए गए लगभग 160 करोड़ रुपये के निवेश को फ्रीज कर दिया है। ईडी ने इस मामले में एक आधिकारिक बयान भी जारी किया है।
ईडी की छापेमारी अनिल गोयल, एलबी सिंह, हरेंद्र चौहान, गणेश यादव, पप्पू मंडल, रोहित यादव, माधे सिंह और इनसे जुड़े अन्य लोगों के ठिकानों पर की गई। इस छापेमारी में ईडी को 1.02 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद हुई है। इसके अलावा, 200 से अधिक अचल संपत्तियों से जुड़ी जानकारी, डेटा, डिजिटल डिवाइस, सेल डीड आदि जैसे कई महत्वपूर्ण सबूत भी मिले हैं। ईडी को संदेह है कि ये संपत्तियां अपराध की कमाई से खरीदी गई थीं, जिनकी कुल कीमत लगभग 500 करोड़ रुपये हो सकती है।
ईडी ने मंगलवार की सुबह से पीएमएल अधिनियम के तहत छापेमारी शुरू की थी, जो बुधवार को समाप्त हुई। झारखंड पुलिस में दर्ज प्राथमिकियों के आधार पर ईडी ने इंफोर्समेंट केस इंफार्मेशन रिपोर्ट (ईसीआइआर) दर्ज की थी। आरोपितों पर धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन, चोरी के कोयले की तस्करी, जबरन वसूली और अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप था। ईडी की छानबीन और अनुसंधान अभी जारी है।

















