Student Recites All Districts of UP in 25 Seconds: देवरिया में पांचवीं की छात्रा ने सिर्फ 25 सेकेंड में सुनाया UP के सभी जिलों का नाम

देवरिया जिले के विकास खंड सदर के प्राथमिक विद्यालय पार्वतीपुर में बुधवार को बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय
देवरिया जिले के विकास खंड सदर के प्राथमिक विद्यालय पार्वतीपुर में बुधवार को बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्य ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं को देखकर खुशी व्यक्त की। विद्यालय में पढ़ाई कर रही कक्षा पांच की छात्रा अंकिता ने मात्र पांच सेकंड में प्रदेश के सभी 18 मंडलों के नाम सुनाए, जबकि उसकी सहेली आकांक्षा ने 25 सेकंड में उत्तर प्रदेश के सभी जिलों के नाम बताकर सभी को हैरान कर दिया। इस अद्भुत प्रदर्शन के बाद बीएसए ने दोनों छात्राओं की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
बीएसए डॉ. मौर्य ने विद्यालय में उपस्थित 89 नामांकित बच्चों में से 61 बच्चों की उपस्थिति देखी। उन्होंने यह भी पाया कि विद्यालय में बच्चों की ऑनलाइन हाजिरी सही ढंग से भरी गई थी। कक्षाओं में शिक्षकों द्वारा बच्चों को पढ़ाते हुए भी देखा गया। विद्यालय परिसर में छायादार, फलदार और फूलों के पेड़-पौधों की सुंदरता ने सभी का ध्यान आकर्षित किया, जिसकी बीएसए ने सराहना की। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यापक की भी प्रशंसा की।
बीएसए ने बच्चों से बातचीत की और उनसे सवाल पूछे, जिनका बच्चों ने आत्मविश्वास से उत्तर दिया। कई बच्चों ने ब्लैक बोर्ड पर विभिन्न चित्र बनाकर बीएसए को दिखाए। विद्यालय की चार छात्राओं और एक छात्र ने कम समय में प्रदेश के सभी जिलों, मंडलों और देश के सभी प्रदेशों के नाम सुनाए। इसके बाद बीएसए ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन का आनंद लिया और आवश्यक निर्देश भी दिए। इस निरीक्षण में बीईओ सदर देव मुनि वर्मा, विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य लोग भी उपस्थित रहे।



















