Vaccination Campaign in UP Schools: अगस्त माह में चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, डिप्थीरिया और खसरे से मिलेगी सुरक्षा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने परिषदीय विद्यालयों को बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने परिषदीय विद्यालयों को बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में अगस्त माह में विद्यालयों के माध्यम से दो विशेष टीकाकरण अभियानों का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्देश्य बच्चों को गंभीर संक्रामक बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करना है। पहले चरण में 3 से 7 अगस्त तक टीडी/टीडीएपी (टिटनेस, डिप्थीरिया एवं काली खांसी) टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में 18 से 28 अगस्त तक एमआर (मीजल्स-रूबेला) टीकाकरण अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी 75 जनपदों में परिषदीय विद्यालयों, सहायता प्राप्त विद्यालयों, मदरसों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अध्ययनरत पात्र बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक मोनिका रानी ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक जनपद में स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से विस्तृत कार्य-योजना तैयार करेंगे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक मिलकर विद्यालयवार माइक्रोप्लान तैयार करेंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे और अभियान समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। मोनिका रानी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि को समय पर पूरा किया जाए। इस अभियान का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण का भी मजबूत केंद्र बनाना है, ताकि हर पात्र बच्चे को गंभीर संक्रामक बीमारियों से समय पर सुरक्षा मिल सके।



















