School Crisis in Vaishali: 500 Students Study in Two Dilapidated Rooms

बिदुपुर प्रखंड के बिदुपुर बाजार में स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, बिदुपुर कन्या की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यहाँ पर लगभग 500 छात्र-छात्राएं हर दिन भय के साये मे
बिदुपुर प्रखंड के बिदुपुर बाजार में स्थित राजकीय मध्य विद्यालय, बिदुपुर कन्या की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यहाँ पर लगभग 500 छात्र-छात्राएं हर दिन भय के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं। विद्यालय की इमारत इतनी जर्जर हो चुकी है कि शिक्षक भी किसी बड़े हादसे की आशंका से सहमे रहते हैं। विद्यालय में कक्षा एक से आठवीं तक के विद्यार्थियों का नामांकन है, लेकिन पूरे विद्यालय में केवल दो पुराने कमरे उपलब्ध हैं। इनमें से एक कमरे में प्रधानाध्यापक का कार्यालय है, जबकि दूसरे कमरे की स्थिति इतनी खराब है कि उसमें बच्चों को बैठाना जोखिम भरा है। पिछले एक वर्ष से विद्यालय के तीन नए कमरों का निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन अब तक यह कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस स्थिति के कारण शिक्षक बरामदे में बच्चों को पढ़ाने को विवश हैं, जिससे पढ़ाई का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।
कमरों की कमी के कारण कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों को एक ही बरामदे में बैठाकर पढ़ाया जा रहा है। इस स्थिति में एक साथ तीन कक्षाओं का संचालन होने से शोरगुल बढ़ जाता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। विद्यालय की छत बरसात के दिनों में टपकने लगती है और बारिश के दौरान कमरों और बरामदे में पानी भर जाने से बच्चों को घंटों तक बारिश रुकने का इंतजार करना पड़ता है। ठंड के मौसम में भी छात्र-छात्राएं खुले और बदहाल भवन में पढ़ाई करने को मजबूर रहते हैं।



















