Lead contamination in turmeric: पटना के दलदली बाजार में हल्दी की जांच में मानक से अधिक लेड मिलने का दावा

पटना के दलदली बाजार में हल्दी में लेड की मिलावट की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित क
पटना के दलदली बाजार में हल्दी में लेड की मिलावट की आशंका को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने एक जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा को सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है। स्वास्थ्य विभाग के खाद्य संरक्षा प्रकोष्ठ के सहयोग से आयोजित इस अभियान के दौरान पोर्टेबल एक्स-रे फ्लोरेसेंस (पीएक्सआरएफ) मशीन का उपयोग करते हुए हल्दी के नमूनों की जांच की गई। जांच के नतीजों में कई नमूनों में लेड की मात्रा निर्धारित मानक से अधिक पाई गई, जो उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। हालांकि, इन नतीजों की आधिकारिक पुष्टि के लिए प्रयोगशाला जांच की आवश्यकता है।
इस अभियान का आयोजन प्योर अर्थ इंडिया और उद्यम मंत्र भारत लिमिटेड द्वारा फूड सेफ्टी हेल्थ चेक के तहत किया गया। इस दौरान खाद्य पदार्थ विक्रेताओं और व्यापारियों को हल्दी में लेड की मिलावट से होने वाले संभावित स्वास्थ्य नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। दुकानदारों को सलाह दी गई कि वे विश्वसनीय स्रोतों से हल्दी खरीदें और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप उत्पाद बेचें। खाद्य संरक्षा विभाग के अभिहित पदाधिकारी मुकेश जी कश्यप ने बताया कि जांच के दौरान अत्यधिक चमकदार हल्दी की गांठों में अपेक्षाकृत अधिक लेड पाया गया, जबकि कम चमकदार और प्राकृतिक दिखने वाले नमूनों में इसकी मात्रा तुलनात्मक रूप से कम थी।



















