Article 370's 7th Anniversary: महबूबा मुफ्ती की बेटी ने GenZ आंदोलन की चेतावनी दी

डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। आज जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 की सातवीं बरसी मनाई जा रही है। इस अवसर पर जहां कुछ लोग इसे ऐतिहासिक दिन मानते हैं, वहीं स्थानीय नेता इसे
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। आज जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल 370 की सातवीं बरसी मनाई जा रही है। इस अवसर पर जहां कुछ लोग इसे ऐतिहासिक दिन मानते हैं, वहीं स्थानीय नेता इसे काले दिन के रूप में देख रहे हैं। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती की बेटी इल्तिजा मुफ्ती ने मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि हम जेनजी के आंदोलन की तरह सरकार को मजबूर कर देंगे कि वह हमारी आवाज सुने। उन्होंने स्पष्ट किया कि हम यहां कोई गैर-कानूनी गतिविधि नहीं कर रहे हैं, बल्कि जो कुछ भी हमने खोया है, उसे वापस पाने के लिए संघर्ष करेंगे। इल्तिजा ने जंतर-मंतर पर जेन-जी के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि हम भी उसी तरह से अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि हमें अपना झंडा, कानून और संविधान वापस चाहिए। आज 5 अगस्त को नेशनल कॉन्फ्रेंस केवल 'स्टेटहुड' की बात कर रही है, जबकि हम अपने 'विशेष दर्जे' की बहाली की मांग पर अडिग हैं।
इल्तिजा मुफ्ती ने यह भी कहा कि जब भी जम्मू-कश्मीर में कोई आतंकी हमला होता है, तो सरकार हजारों बेगुनाह लोगों को हिरासत में ले लेती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आम नागरिक आतंकवादी होते हैं? यह किस प्रकार का न्याय है? उन्होंने कहा कि सरकार हमें उग्रवादी और आतंकवादी कहकर हमारी आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे। अनुच्छेद 370 और 35ए के हटाए जाने की सातवीं बरसी पर जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विभिन्न क्षेत्रीय दलों ने 5 अगस्त को 'काला दिवस' के रूप में मनाते हुए विरोध प्रदर्शन किए। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे देश के संवैधानिक इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन बताया है।
















