Smuggling Network from Punjab to Bihar: पंजाब से बिहार तक शराब तस्करी का बड़ा नेटवर्क, जैविक खाद की आड़ में विदेशी शराब का खेल

कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के आसो चौर में पुलिस ने मंगलवार की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नंबर की एक 18 चक्का ट्रक से 3,492.098 लीटर विदेशी शराब की खेप
कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के आसो चौर में पुलिस ने मंगलवार की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब नंबर की एक 18 चक्का ट्रक से 3,492.098 लीटर विदेशी शराब की खेप बरामद की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि तस्कर जैविक खाद की बोरी के पीछे विदेशी शराब छिपाकर ले जा रहे हैं। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो उन्हें गुप्त तहखाने में रखी गई शराब मिली। हालांकि, इस दौरान तस्कर और चालक अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी रखी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान ट्रक के साथ एक सीडी डीलक्स बाइक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। ट्रक की तलाशी के दौरान जैविक खाद की बोरी के नीचे एक विशेष तहखाना पाया गया, जिसमें शराब छिपाई गई थी। बुधवार की सुबह जब तहखाने को काटा गया, तो 385 कार्टन में विभिन्न ब्रांड की 12,356 बोतलें बरामद हुईं। इस शराब की कुल मात्रा 3,492.098 लीटर बताई गई है। सभी जब्त सामग्री को नए थाना भवन में सुरक्षित रखा गया है।
थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि इस मामले में उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। ट्रक और बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है। इसके अलावा, जब्त मोबाइल फोन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कर पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस ने फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, जिससे इस बड़े तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
















