Attack on Survey Team in Barwadih: बरवाअड्डा में बिजली प्रोजेक्ट सर्वे टीम पर जानलेवा हमला, नौ घायल; इंजीनियर की सोने की चेन लूटी

बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के परस बनिया नवडीहा गांव में एक सरकारी बिजली परियोजना के सर्वे कार्य में जुटी टीम पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस ह
बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के परस बनिया नवडीहा गांव में एक सरकारी बिजली परियोजना के सर्वे कार्य में जुटी टीम पर अज्ञात असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक इंजीनियर सहित कुल नौ कर्मचारी घायल हो गए। घटना की जानकारी के अनुसार, झारखंड ऊर्जा संचरण निगम लिमिटेड के निर्देश पर लुमिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा 132 केवी मैथन-बिनोद बिहारी चौक संचरण लाइन परियोजना के तहत चेक सर्वे का कार्य चल रहा था। जब सर्वे टीम परस बनिया गांव में कार्य कर रही थी, तभी कुछ उपद्रवियों ने अचानक हमला कर दिया। उन्होंने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और घूंसे-लातों से उन पर हमला किया। इस हमले के दौरान बदमाशों ने इंजीनियर उपेंद्र राज के गले से लगभग 3.75 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन भी झपट ली।
हमले में घायल हुए कर्मचारियों में अशोक महतो (30), ब्रह्मदेव कुमार (30), नजिमुल हुदा (40) और उपेंद्र राज (30) शामिल हैं। इसके अलावा सर्वे एजेंसी के चार अन्य कर्मचारी भी इस हमले में घायल हुए हैं। घटना के बाद लुमिनो इंडस्ट्रीज लिमिटेड के डिप्टी मैनेजर अहसन जलील ने बरवाअड्डा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने अपनी शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने के लिए प्रयासरत है।
















