Brutal Murder in Jehanabad: देवर ने भाभी का सिर काटकर पेड़ पर टांगा

जागरण संवाददाता, जहानाबाद। परस बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में देवर ने अपनी 22 वर्षीय भाभी अंशु कुमारी की नि
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। परस बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना में देवर ने अपनी 22 वर्षीय भाभी अंशु कुमारी की निर्मम हत्या कर दी। घटना के अनुसार, अंशु कुमारी अपने घर पर अकेली खाना बना रही थी, तभी उसका देवर कुणाल घर आया और खाना मांगा। अंशु ने उसे खाना परोस दिया, लेकिन हाथ धोकर खाना नहीं परोसने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। यह विवाद इतना बढ़ गया कि कुणाल ने पास में रखी चारा काटने वाली कटारी से अंशु पर हमला कर दिया और उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। इस वीभत्स घटना ने पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैला दी। मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार उस समय खेत में काम कर रहे थे और उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद कुणाल ने अंशु का सिर हाथ में लेकर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के समीप एक बरगद के पेड़ पर टांग दिया। यह दृश्य देखकर गांव वालों में अफरातफरी मच गई। लोगों के शोर मचाने पर कुणाल ने सिर को वापस घटनास्थल पर शव के पास रखकर वहीं बैठ गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस इंस्पेक्टर सर्वनारायण अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपित कुणाल को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कटारी भी बरामद कर ली है। मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि वह घटना के समय खेत में काम कर रहे थे और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। इस घटना की सूचना मृतका के मायके अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव भेजी गई। मृतका की मां और अन्य स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि अंशु की शादी धर्मेंद्र कुमार से करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी। दामाद अपनी पत्नी को देवर या अन्य लोगों से बातचीत करने से मना करते थे।
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपित कुणाल प्रतिदिन पुलिस बहाली की तैयारी के लिए सुबह दौड़ लगाता था। हालांकि, कुछ लोगों का यह भी कहना है कि वह नशा करने का आदी था। पुलिस अब इस मामले की सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर कुछ सैंपल इकट्ठा कर रही है। वट वृक्ष की एक टहनी जिसमें खून लगा था, उसे भी काटकर साथ ले जाया गया है। इस घटना ने न केवल मृतका के परिवार को बल्कि पूरे गांव को हिलाकर रख दिया है। अब सभी इस भयावह घटना के पीछे के कारणों को जानने के लिए उत्सुक हैं।
















