Budget approved for police station in Himachal: शिमला में पुलिस चौकी के लिए मंजूर बजट पर विजिलेंस जांच शुरू

चैतन्य ठाकुर, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिमला के सरकारी आवास साउथवुड की मरम्मत एवं रखरखाव पर 14.07 लाख रुपये के खर्च को लेकर पुलिस मुख्यालय
चैतन्य ठाकुर, शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस अधीक्षक (एसपी) शिमला के सरकारी आवास साउथवुड की मरम्मत एवं रखरखाव पर 14.07 लाख रुपये के खर्च को लेकर पुलिस मुख्यालय ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शिमला द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में सरकारी धन के अनियमित उपयोग की आशंका जताई गई है। इस संदर्भ में तत्कालीन एसपी संजीव कुमार गांधी समेत अन्य संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच के लिए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) को सिफारिश की गई है। यह मामला तब सामने आया जब एसएसपी शिमला ने 30 जुलाई को पुलिस महानिदेशक को अपनी रिपोर्ट भेजी थी। रिपोर्ट में वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान एसपी आवास में किए गए मरम्मत कार्यों पर खर्च की प्रक्रिया और सरकारी धन के उपयोग पर सवाल उठाए गए हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, एसपी आवास की मरम्मत पर कुल 14,07,392 रुपये खर्च किए गए। इसमें से 11,57,392 रुपये जिला पुलिस के आवासीय मद से खर्च किए गए, जबकि 2.50 लाख रुपये की राशि को मूल रूप से एसडीएम (नागरिक) ठियोग ने पुलिस चौकी शोघी की मरम्मत के लिए स्वीकृत किया था। अब इस राशि के उपयोग सहित पूरे खर्च की वैधता जांच के दायरे में आ गई है। पुलिस मुख्यालय ने मामले की तथ्यात्मक पड़ताल के लिए तीन सदस्यीय विशेष आडिट समिति का गठन किया है। समिति को एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।
















