UP Pro Handball League: जनवरी में होगा दूसरे सीजन का आगाज, पहली बार नजर आएगी लखनऊ की टीम

लखनऊ। यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) का दूसरा संस्करण जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। पहले सीजन की सफलता के बाद, उत्तर प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन और
लखनऊ। यूपी प्रो हैंडबॉल लीग (यूपीपीएचएल) का दूसरा संस्करण जनवरी 2027 में लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। पहले सीजन की सफलता के बाद, उत्तर प्रदेश हैंडबाल एसोसिएशन और एसएन पांडेय खेल संस्थान ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस लीग में इस बार आठ टीमें भाग लेंगी। इनमें पहली बार लखनऊ की टीम भी शामिल होगी, जो स्थानीय खिलाड़ियों के लिए एक नया अवसर प्रस्तुत करेगी। इस बार विजेता टीम को 2.50 लाख रुपये और उपविजेता को 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही आइकानिक ओलंपिक गेम्स अकादमी की ओर से दोनों टीमों को 50-50 हजार रुपये का पुरस्कार भी दिया जाएगा।
इस संबंध में शुक्रवार को एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एशियन हैंडबाल फेडरेशन के काउंसिल मेंबर डॉ. आनंदेश्वर पांडेय ने लीग के लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने भारत के विभिन्न राज्यों के 10 अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। डॉ. पांडेय ने कहा कि पहले सीजन की सफलता ने हमें दूसरे संस्करण को और भव्य बनाने का विश्वास दिया है। यह लीग प्रदेश के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक बेहतर मंच प्रदान करेगी। प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे, जिनमें से नौ खिलाड़ी उत्तर प्रदेश से और नौ अन्य राज्यों और विभागों से होंगे।
















