Builder arrested in Bihar: जमीन के नाम पर 1 करोड़ की ठगी का मामला

पटना से एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एक बिल्डर ने जमीन दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। श्रीकृष्णापुरी थाना
पटना से एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें एक बिल्डर ने जमीन दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है। श्रीकृष्णापुरी थाना पुलिस ने इस मामले में आरोपी बिल्डर भूषण कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले का निवासी है और पटना ग्रीन हाउसिंग लिमिटेड नामक फर्म का निदेशक है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एएन पथ इलाके से भूषण को गिरफ्तार किया। इस मामले की जांच में पता चला है कि बिल्डर ने बिहटा और उसके आसपास के प्रमुख इलाकों में जमीन दिलाने का वादा किया था। उसने महज तीन महीनों के भीतर पांच अलग-अलग लोगों से एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली। जब तय समय बीत जाने के बाद भी खरीदारों को न तो जमीन का कब्जा मिला और न ही उनके पैसे वापस लौटाए गए, तब पीड़ितों ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
पीड़ितों में भोजपुर की रहने वाली कांति कुमारी भी शामिल हैं, जो वर्तमान में राजाबाजार इलाके में रहती हैं। कांति ने आरोपित के साथ बिहटा में 1200 स्क्वायर फीट जमीन के लिए एग्रीमेंट किया था और इसके एवज में 20.75 लाख रुपये का भुगतान किया था। महिला का आरोप है कि पैसे लेने के बाद बिल्डर ने जमीन की रजिस्ट्री नहीं की। जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपित ने उनके साथ गाली-गलौज की। कांति कुमारी की शिकायत के आधार पर एक जून को श्रीकृष्णापुरी थाने में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद चंदन कुमार सिंह, मदन सिंह, सुजाता कुमारी और उदयंत सिंह ने भी बिल्डर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।















