Chhindwara mob violence: चोरी के शक में 3 युवकों की बेरहमी से पिटाई

मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां तीन युवकों पर केबल चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर बेरहमी से पीटा। घटना इकलहरा
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां तीन युवकों पर केबल चोरी के संदेह में स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर बेरहमी से पीटा। घटना इकलहरा स्थित डब्ल्यूसीएल क्षेत्र में हुई, जहां करीब 70 से 80 लोगों की भीड़ ने युवकों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट की। इस दौरान, युवकों के गले में कंटीले तार बांधकर पूरे इलाके में जुलूस निकाला गया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें एक युवक को चप्पलों, लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटा जाता देखा जा सकता है। वहीं, अन्य दो युवकों को भीड़ के बीच घुमाया जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो में दो पुलिसकर्मी भी दिखाई दे रहे हैं, लेकिन वे मारपीट को रोकते हुए नहीं दिखते हैं। इस कारण पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
चांदामेटा थाना पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी खेलचंद पटले के अनुसार, यह घटना दो दिन पुरानी है। पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने तीनों युवकों से पूछताछ भी शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे वास्तव में केबल चोरी की किसी घटना में शामिल थे। साथ ही, यह भी देखा जा रहा है कि उनका पहले हुई चोरी की वारदातों से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस का कहना है कि यदि किसी पर चोरी का संदेह हो, तो कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है।
















