RAC Ticket Rules: एसी कोच में RAC यात्रियों को मिलेगा पूरा बेडरोल किट

भारतीय रेलवे ने एसी कोच में rac (reservation against cancellation) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की है। रेलवे ने स्पष्ट किया है क
भारतीय रेलवे ने एसी कोच में RAC (Reservation Against Cancellation) टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को महत्वपूर्ण राहत प्रदान की है। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि अब आरएसी यात्रियों को चादर, कंबल और तकिए सहित पूरा बेडरोल किट दिया जाना अनिवार्य होगा। यह निर्णय रेलवे द्वारा 4 अगस्त 2026 को सभी जोनल रेलवे को जारी पत्र में लिया गया है। रेलवे का यह कदम सभी ट्रेनों में आरएसी यात्रियों को समान सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए है।
रेलवे बोर्ड ने बताया कि एसी कैटेगिरी में आरएसी यात्रियों को पूरा बेडरोल किट देने का निर्णय पहली बार 23 सितंबर 2009 को कमर्शियल सर्कुलर संख्या 50/2009 के माध्यम से लिया गया था। इस सर्कुलर में स्पष्ट किया गया था कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी श्रेणियों में यात्रा करने वाले आरएसी यात्रियों को कंबल और बेडशीट उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा उनके किराए में पहले से ही शामिल होती है।
हालांकि, रेलवे बोर्ड ने कहा कि उसे विभिन्न माध्यमों से शिकायतें मिल रही हैं कि RAC यात्रियों को या तो बेडरोल किट नहीं दी जाती या फिर अधूरी किट उपलब्ध कराई जाती है। इन शिकायतों के मद्देनजर, बोर्ड ने सभी ज़ोनल रेलवे को फिर से निर्देश दिया है कि एसी चेयर कार को छोड़कर सभी एसी श्रेणियों में यात्रा करने वाले हर आरएसी यात्री को कोच के अन्य कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल किट उपलब्ध कराया जाए।
साल 2016 में रेल मंत्रालय ने RAC यात्रियों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या बढ़ा दी थी। स्लीपर क्लास में 7 साइड लोअर बर्थ का उपयोग कर अधिकतम 14 RAC यात्रियों को समायोजित किया जा सकता है। थर्ड एसी (3AC) में 4 साइड लोअर बर्थ के जरिए 8 RAC यात्रियों को जगह दी जा सकती है। इसी तरह, सेकेंड एसी (2AC) में 3 साइड लोअर बर्थ का उपयोग कर 6 RAC यात्रियों को एडजस्ट किया जा सकता है।
















