Child Trafficking Case: 8 दिन के मासूम को 3 लाख में बेचा, पुलिस ने दंपती और दलाल को पकड़ा

डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के वडोदरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अपराध शाखा ने 8 दिन के एक मासूम बालक को मानव तस्करी के तहत बेचे जाने के मा
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। गुजरात के वडोदरा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अपराध शाखा ने 8 दिन के एक मासूम बालक को मानव तस्करी के तहत बेचे जाने के मामले में एक दंपती और एक दलाल को गिरफ्तार किया है। यह घटना अहमदाबाद-मुंबई नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में हुई, जहां से पुलिस ने इन सभी को दबोचा। पुलिस के अनुसार, यह दंपती अपने नवजात बेटे को मुंबई के एक डॉक्टर को 3 लाख रुपये में बेचने की कोशिश कर रहे थे। इस मामले में कुल 8 आरोपियों के खिलाफ मानव तस्करी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि वडोदरा अपराध शाखा को इस मामले की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम ने होटल पर छापा मारा। जब पुलिस ने होटल में प्रवेश किया, तो दलाल और नवजात के माता-पिता भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। नवजात को फिलहाल वडोदरा के सयोजी राव गायकवाड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि दंपती ने अपने 8 दिन के बच्चे को एक दलाल के माध्यम से बेचने का सौदा किया था। इस दलाल ने उन्हें मुंबई के एक डॉक्टर से संपर्क कराया था। होटल में एक महिला की बातचीत सुनकर किसी ने पुलिस को सूचित किया, जिससे पुलिस को इस मामले की जानकारी मिली। पुलिस ने बताया कि दंपती और दलाल एक लग्जरी बस में नवजात को लेकर मुंबई जा रहे थे, जहां उनका सौदा तय किया गया था। यह मामला मानव तस्करी के अंतरराज्यीय रैकेट से जुड़ा हुआ प्रतीत होता है, और पुलिस को उम्मीद है कि इस मामले से अन्य बच्चों की खरीद-फरोख्त के बारे में भी जानकारी मिलेगी।
















