CISF takes action against coal theft in ECL: ईसीएल में कोयला चोरी पर सीआईएसएफ का शिकंजा

धनबाद के मुगमा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट शीतलपुर ने सख्त कदम उठाए हैं। अब स्थानीय निवासी स
धनबाद के मुगमा क्षेत्र में अवैध कोयला खनन, भंडारण, परिवहन और तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट शीतलपुर ने सख्त कदम उठाए हैं। अब स्थानीय निवासी सीधे हेल्पलाइन नंबर 9434796841 पर सूचना देकर इन अवैध गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं। सीआईएसएफ ने यह सुनिश्चित किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और मिली सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। सीआईएसएफ यूनिट शीतलपुर के कमांडेंट राहुल सिंह गौतम ने बताया कि अवैध कोयला कारोबार केवल सरकारी राजस्व को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि यह क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के लिए भी गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। इस समस्या को देखते हुए सीआईएसएफ ने गश्त, निगरानी और विभिन्न एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान को और तेज कर दिया है।
कमांडेंट ने कहा कि अवैध खनन और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आम लोगों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। यदि किसी व्यक्ति को कहीं अवैध कोयला खनन, अवैध भंडारण, संदिग्ध परिवहन या तस्करी की जानकारी मिलती है, तो वह बिना किसी भय के हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दे सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले का नाम और पहचान किसी भी स्थिति में सार्वजनिक नहीं की जाएगी। सीआईएसएफ के अनुसार, हेल्पलाइन पर प्राप्त हर सूचना का सत्यापन किया जाएगा। यदि सूचना सही पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई की जाएगी।
















