Coal Stock Fire in Ramgarh: रामगढ़ के CCL तोपा प्रोजेक्ट में कोयला स्टॉक में लगी आग, 100-200 टन कोयला जलकर राख

रामगढ़ के सीसीएल कुजू क्षेत्र में तोपा परियोजना के कोयला स्टॉक में आग लगने से प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई
रामगढ़ के सीसीएल कुजू क्षेत्र में तोपा परियोजना के कोयला स्टॉक में आग लगने से प्रबंधन में हड़कंप मच गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही प्रबंधन ने तुरंत कार्रवाई की, लेकिन आग पर काबू पाने में उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ा। आग मंगलवार को भी नियंत्रण में नहीं आ सकी। आग लगे हिस्से को मशीनों से काटकर अलग करने का कार्य किया जा रहा है। इस बीच, आग पर पानी डालकर उसे बुझाने का प्रयास भी जारी है। सूत्रों के अनुसार, कोयला स्टॉक के बगल से पिछले एक पखवाड़े से हल्का धुआं उठ रहा था, लेकिन प्रबंधन ने इसे नजरअंदाज कर दिया। जब आग ने विकराल रूप धारण किया, तब प्रबंधन की चिंता बढ़ गई। आग के स्थान से धुआं और लपटें उठ रही हैं, जिससे स्थिति गंभीर होती जा रही है।
इस आग ने लगभग 100 से 200 टन कोयले को जलाकर राख कर दिया है, जिससे सीसीएल को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि कोयला हवा में मौजूद ऑक्सीजन के साथ मिलकर धीरे-धीरे गर्म होता है। कोयले के ढेर के भीतर गर्मी का संचय और बाहर निकलने में बाधा के कारण तापमान बढ़ जाता है, जिससे रासायनिक क्रियाएं तेज हो जाती हैं। इस प्रक्रिया के कारण कोयला स्टॉक में आग लगने की संभावना बढ़ जाती है। यदि समय पर इस पर ध्यान दिया जाए, तो आग लगने के खतरे को टाला जा सकता है।
















