Crackdown on Fake Ghee: सूरत में खाद्य विभाग ने मिलावटी घी बनाने वाले रैकेट का किया पर्दाफाश

सूरत में त्योहारों के मौसम से पहले पुलिस ने एक बड़े मिलावटी घी बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। सूरत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में व
सूरत में त्योहारों के मौसम से पहले पुलिस ने एक बड़े मिलावटी घी बनाने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया है। सूरत पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में वेड रोड पर स्थित एक डेयरी में बड़ी मात्रा में नकली घी तैयार किया जा रहा था। यह घी शुद्ध देशी घी के नाम पर बेचा जा रहा था, लेकिन लैब परीक्षण में इसे इंसानों के खाने के लिए अनुपयुक्त पाया गया। इस मामले में डेयरी के संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस को केशव पार्क सोसायटी स्थित जय योगेश्वर डेयरी में मिलावटी घी बनाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत कार्रवाई की गई। जोन-3 एलसीबी, चौक बाजार पुलिस और सूरत महानगरपालिका के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मिलकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान डेयरी के पिछले हिस्से से स्टील के ड्रम, मिक्सिंग मशीन, सीलिंग मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, हल्दी पाउडर और बड़ी मात्रा में कच्चा माल बरामद किया गया। इसके अलावा, मौके पर तैयार किया गया मिलावटी घी भी जब्त किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वनस्पति घी में पामोलिन और सोयाबीन का तेल मिलाकर घोल तैयार करते थे। इस घोल में असली रंग लाने के लिए हल्दी का प्रयोग किया जाता था। तैयार मिश्रण को 15-15 किलो के डब्बों में भरकर मशीन से सील किया जाता था और इसे बाजार में शुद्ध देशी घी के लेबल के साथ बेचा जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी रात के समय 10 बजे से 1 बजे के बीच मिलावटी घी बनाने का काम करते थे। पिछले एक साल से यह कारोबार चल रहा था। पुलिस ने इस कार्रवाई में 34.05 किलोग्राम नकली घी, कच्चा माल, मशीनरी और मोबाइल फोन सहित कुल 43,535 रुपये का सामान जब्त किया है। इस मामले में 42 वर्षीय आरोपी राजेश कुमार पटेल को गिरफ्तार किया गया है, जो पाटन जिले का निवासी है। डीसीपी राघव जैन ने बताया कि आरोपी वनस्पति घी, पामोलिन तेल और हल्दी मिलाकर नकली घी तैयार कर रहा था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि यह घी किन-किन दुकानों तक सप्लाई किया गया और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।
















