Crocodile Rescue in Bihar: युवक ने मगरमच्छ को थाने पहुंचाया, लोग कर रहे हैं तारीफ

बिहार के सुपौल जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। भीमनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने खेत में मिले मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उ
बिहार के सुपौल जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। भीमनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने खेत में मिले मगरमच्छ का रेस्क्यू किया और उसे कंधे पर उठाकर वन विभाग के कार्यालय और फिर थाने तक ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग युवक की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं, लेकिन वन विभाग ने इसे बेहद जोखिम भरा कदम बताते हुए लोगों से ऐसी कोशिश न करने की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को भीमनगर थाना क्षेत्र के लालपुर वार्ड-14 निवासी अमित कुमार पासवान अपने धान के खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर एक मगरमच्छ पर पड़ी। मगरमच्छ को देखकर उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अफरातफरी मच गई। अमित ने कुछ ग्रामीणों की मदद से मगरमच्छ का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। इसके बाद उन्होंने मगरमच्छ को मोटी रस्सी से सुरक्षित बांध दिया। रेस्क्यू के बाद अमित मगरमच्छ को कंधे पर उठाकर कटैया स्थित वन विभाग के स्थानीय कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला।
जब अमित ने वन विभाग के कार्यालय में काफी देर तक इंतजार किया और कोई कर्मचारी नहीं आया, तो उन्होंने मगरमच्छ को लेकर सीधे भीमनगर थाना पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद विभाग की टीम थाने पहुंची और मगरमच्छ को अपने कब्जे में ले लिया। वन विभाग के फॉरेस्टर रवि रंजन ने बताया कि युवक द्वारा सौंपे गए मगरमच्छ की लंबाई करीब 4 फीट 6 इंच थी और वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से कोसी नदी में छोड़ दिया गया। फॉरेस्टर ने कहा कि युवक का साहसिक कदम सराहनीय है, लेकिन आम लोगों के लिए ऐसा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खुद जोखिम उठाने के बजाय वन विभाग को सूचना दें ताकि जंगली जीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके।
















