Drug bust in Himachal: हरियाणा के युवक से पकड़ा करोड़ों रुपये का चिट्टा

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने चिट्टा नशा तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। शिमला के तारा देवी क्षेत्र में स्थित आइटीबीपी कैंप के नि
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने चिट्टा नशा तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। शिमला के तारा देवी क्षेत्र में स्थित आइटीबीपी कैंप के निकट पुलिस की विशेष जांच इकाई (एसआइयू) ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 1.120 किलोग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान हरियाणा के अंबाला जिले के नारायणगढ़ निवासी 22 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है। इस बरामदगी को इस वर्ष की अब तक की सबसे बड़ी खेप माना जा रहा है, जिसकी कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये आंकी गई है। एसआइयू को मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद तारा देवी क्षेत्र में विशेष नाकाबंदी की गई और संदिग्ध युवक की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ, जो पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता है।
पुलिस ने इस मामले में बालूगंज थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि इतनी बड़ी मात्रा में चिट्टा किसी संगठित तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह चिट्टा कहां से लाया गया, इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस आरोपित के संपर्कों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की भी गहन जांच कर रही है, ताकि इस तस्करी के पीछे के सभी लोगों का पता लगाया जा सके।















