Fake Policeman Arrested: नकली पुलिसकर्मी बनकर लाइसेंसी पिस्टल ठगने वाला गिरफ्तार

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों से ठगी की। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुखा सिंह के रूप में हुई है,
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने नकली पुलिसकर्मी बनकर लोगों से ठगी की। आरोपी की पहचान 26 वर्षीय सुखा सिंह के रूप में हुई है, जिसने पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिविल लाइंस थाना पुलिस द्वारा पकड़ा गया। सुखा सिंह ने खुद को थाना सिविल लाइंस का एसएचओ बताकर एक गन हाउस के मालिक से लाइसेंसी पिस्टल ठगने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 18 जुलाई 2026 को गन हाउस के मालिक करण भाटिया को फोन किया और कहा कि वह पिस्टल देखने के लिए अपना कर्मचारी भेज रहा है। कुछ समय बाद, एक व्यक्ति जो पंजाब पुलिस की वर्दी में था, सफेद रंग की स्विफ्ट कार में गन हाउस पहुंचा और खुद को एसएचओ का कर्मचारी बताकर पिस्टल लेकर चला गया। जब गन हाउस के संचालक ने थाना सिविल लाइंस से संपर्क किया, तो पता चला कि न तो एसएचओ की तरफ से कोई फोन किया गया था और न ही किसी पुलिसकर्मी को भेजा गया था। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की। 3 अगस्त को रामतीर्थ रोड इलाके से सुखा सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने थाना मजीठा रोड क्षेत्र में भी इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल, एक स्विफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट, पंजाब पुलिस की वर्दी, पुलिस विभाग का फर्जी पहचान पत्र, एक एसी, एक इन्वर्टर और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि बरामद सामान से यह स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से लोगों को निशाना बना रहा था।
















