Flood situation in Odisha: ओडिशा में लगातार बारिश से बेकाबू हो रहे हालात, 3 जिलों की कमान संभालेंगे सीनियर आईएएस

भुवनेश्वर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर ओडिशा में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने का निर्णय लिया है। इस
भुवनेश्वर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर ओडिशा में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने का निर्णय लिया है। इस संदर्भ में बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में निगरानी और राहत कार्यों को प्रभावी बनाने के लिए तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि अगले 12 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि लगातार बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है।
राज्य सरकार के आदेशानुसार, ओडिशा माइनिंग कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुधांशु मोहन सामल को भद्रक, ओडिशा स्टेट सिविल सप्लाइज कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक के. सुदर्शन चक्रवर्ती को बालेश्वर और आबकारी आयुक्त पी. अन्वेषा रेड्डी को जाजपुर जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी संबंधित जिलों के कलेक्टरों के साथ मिलकर राहत, पुनर्वास और पुनर्स्थापन कार्यों की निगरानी करेंगे। मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि ऊपरी और निचले जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार बारिश होने से नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों के लोगों को पहले ही सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
















