Government Vehicle Misuse: हरियाणा में नायब तहसीलदार पर नियमों के उल्लंघन का आरोप

बाढड़ा तहसील में तैनात नायब तहसीलदार साहिल दलाल के खिलाफ नियमों के उल्लंघन और पद के दुरुपयोग की शिकायत दर्ज की गई है। आम आदमी पार्टी के हलका अध्यक्ष राकेश चांदव
बाढड़ा तहसील में तैनात नायब तहसीलदार साहिल दलाल के खिलाफ नियमों के उल्लंघन और पद के दुरुपयोग की शिकायत दर्ज की गई है। आम आदमी पार्टी के हलका अध्यक्ष राकेश चांदवास ने बाढड़ा थाना के प्रबंधक अफसर और चरखी दादरी के एसपी को शिकायत सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नायब तहसीलदार अपनी सरकारी बोलेरो गाड़ी (एचआर-88 जीवी-9999) पर अवैध रूप से बत्ती लगाकर घूम रहे हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने वीआइपी कल्चर को खत्म करने के लिए नायब तहसीलदार स्तर के अधिकारियों की गाड़ियों पर बत्ती लगाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगाई है, लेकिन इसके बावजूद नायब तहसीलदार साहिल दलाल ने नियमों की अनदेखी करते हुए अपनी गाड़ी पर बत्ती लगाई हुई है।
राकेश चांदवास ने आरोप लगाया है कि नायब तहसीलदार अपने पद का दुरुपयोग कर जनता के बीच अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यह पूरी कार्रवाई ड्राइवर के साथ मिलीभगत करके की जा रही है, जो मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है। शिकायतकर्ता ने इसे एक संज्ञेय अपराध बताते हुए भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318, 204, 205, 198 और केंद्रीय मोटर वाहन नियमावली 1989 के नियम 108 के तहत कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में सबूत के तौर पर तहसील कार्यालय में खड़ी बत्ती लगी बोलेरो की तस्वीर भी पुलिस को सौंपी गई है।
















