Hajipur Incident: नाई ने युवक पर किया जानलेवा हमला

हाजीपुर के बेलसर थाना क्षेत्र के हजपुरा गांव में शुक्रवार की शाम एक युवक पर नाई द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अन
हाजीपुर के बेलसर थाना क्षेत्र के हजपुरा गांव में शुक्रवार की शाम एक युवक पर नाई द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की घटना ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय अभिषेक कुमार, जो हजपुरा का निवासी है, बाल कटवाने के लिए नाई की दुकान पर गया था। वहां पहले से एक अन्य व्यक्ति का बाल कट रहा था। अभिषेक ने नाई से कहा कि 'मेरा भी बाल काट दो', लेकिन इस बात पर नाई ने गुस्से में आकर अभिषेक से झगड़ा शुरू कर दिया। झगड़े के बाद अभिषेक ने बगल वाली कुर्सी पर बैठने का निर्णय लिया, लेकिन नाई ने अचानक असतुरा से उस पर हमला कर दिया। इस हमले में अभिषेक के बाएं कनपटी के पास गंभीर चोट आई। घटना के बाद दुकान पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही बेलसर थाने की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल अभिषेक को तुरंत लालगंज रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल हाजीपुर रेफर कर दिया। फिलहाल, अभिषेक का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया था, लेकिन पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए त्वरित कार्रवाई की। सदर एसडीपीओ टू लालगंज गोपाल मंडल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को सामान्य करने के लिए स्थानीय लोगों को समझाया। उन्होंने कहा कि युवक का बयान आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चोट गलती से लगी या जानबूझकर।
















