Samastipur Vaya River Accident: मोहिउद्दीननगर में बाया नदी में डूबे सात छात्र, एक की मौत

मोहिउद्दीननगर, समस्तीपुर से एक दुखद घटना की सूचना मिली है, जहां शनिवार को बाया नदी में नहाने और रील बनाने के दौरान सात छात्र तेज धारा की चपेट में आ गए। यह घटना
मोहिउद्दीननगर, समस्तीपुर से एक दुखद घटना की सूचना मिली है, जहां शनिवार को बाया नदी में नहाने और रील बनाने के दौरान सात छात्र तेज धारा की चपेट में आ गए। यह घटना उस समय हुई जब छात्र मोहिउद्दीननगर घूमने आए थे। स्थानीय लोगों की तत्परता से छह छात्रों को सुरक्षित निकाला गया, लेकिन एक छात्र नदी में बह गया। काफी खोजबीन के बाद उसका शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर गहरे पानी से बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब चार बजे हुई। छात्र तीन बाइक पर मोहिउद्दीननगर पहुंचे थे। अचानक मौसम बिगड़ गया और बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच सभी छात्र भुरहा पुल के पास बाया नदी पहुंचे, जहां नहाने के साथ-साथ मोबाइल से रील बनाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रील बनाने के दौरान सभी छात्र अचानक नदी की तेज धारा में बहने लगे। घटना को देखकर आसपास के स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई और छह छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से नदी में लापता छात्र की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर गहरे पानी से छात्र का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के शिबू टोल निवासी 20 वर्षीय प्रिंस यादव के रूप में हुई है। उसके साथ आए छात्रों ने पुलिस को मृतक की पहचान बताई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सभी छात्र सरायरंजन स्थित नरघोघी कालेज के हैं, लेकिन पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
















