High-tech Surveillance on Kanwar Route: कांवड़ मार्ग पर 334 कैमरों से निगरानी

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग को हाईटेक निगरानी तंत्र से जोड़ दिया गया है। नगर निगम ने इ
गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग को हाईटेक निगरानी तंत्र से जोड़ दिया गया है। नगर निगम ने इस मार्ग पर 205 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जबकि 129 आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) कैमरों को भी निगरानी व्यवस्था में शामिल किया गया है। इस प्रकार, कुल 334 कैमरों से पूरे कांवड़ मार्ग पर चौबीसों घंटे नजर रखी जाएगी। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि सभी कैमरे स्थापित कर उन्हें आईटीएमएस नेटवर्क से जोड़ दिया गया है। इसके माध्यम से मेरठ रोड स्थित कंट्रोल रूम से पूरे मार्ग की लाइव मॉनीटरिंग की जाएगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ यातायात प्रबंधन में भी सहायता मिलेगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए नगर निगम ने धूप से राहत के लिए कांवड़ मार्ग के करीब 20 किलोमीटर हिस्से में बैरिकेडिंग कराई है। साईं उपवन में श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही को ध्यान में रखते हुए वहां अतिरिक्त बैरिकेडिंग की गई है। जस्सीपुरा मोड़ से दूधेश्वरनाथ मंदिर तक जलाभिषेक के लिए कतार में लगने वाले श्रद्धालुओं को तेज धूप से बचाने के लिए मार्ग के ऊपर ग्रीन नेट लगाए गए हैं। यह कदम श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। नगर निगम का दावा है कि उसके अधिकार क्षेत्र के सभी कांवड़ मार्ग गड्ढामुक्त कर दिए गए हैं और अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
















