Himachal: कोटला-सोलधा मार्ग की स्थिति गंभीर, दो साल से अनसुनी गुहार

कोटला। हिमाचल प्रदेश के कोटला क्षेत्र में मूसलधार वर्षा और फोरलेन निर्माण के दौरान लगाए गए अविज्ञानिक क्रेटों के कारण कोटला-सोलधा संपर्क मार्ग की स्थिति अत्यंत
कोटला। हिमाचल प्रदेश के कोटला क्षेत्र में मूसलधार वर्षा और फोरलेन निर्माण के दौरान लगाए गए अविज्ञानिक क्रेटों के कारण कोटला-सोलधा संपर्क मार्ग की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है। इस मार्ग पर कई स्थानों पर भूधंसाव की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण कंपनी द्वारा मार्ग के ऊपरी हिस्से में लगाए गए भारी भरकम क्रेटों के दबाव और लगातार वर्षा के कारण भूमि धंस रही है। इस समस्या के कारण क्षेत्र में बिजली के खंभे भी गिर गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। वन रेंज कार्यालय से फोरलेन क्रासिंग तक मार्ग की स्थिति बेहद खराब हो गई है। पत्थरों के क्रेटों में दरारें पड़ गई हैं और नीचे रिहायशी क्षेत्र भी खतरे की जद में आ गया है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सोलधा, नियांगल, त्रिलोकपुर, जोलना पंचायत और नगर पंचायत कोटला के लोग पिछले दो वर्षों से इस समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। हर वर्ष निर्माण कंपनी अस्थायी मरम्मत कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेती है, जबकि खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मार्ग के क्षतिग्रस्त होने के कारण चार पंचायतों के सैकड़ों लोग और टैक्सी चालक सुरंग से आवाजाही करने को मजबूर हैं। यह स्थिति न केवल स्थानीय लोगों के लिए बल्कि यातायात के लिए भी गंभीर समस्या बन गई है।















