Big Update in JPSC-JSSC Controversy: झारखंड में JPSC-JSSC विवाद में सरकार से एक घंटे चली बैठक

झारखंड में jpsc और jssc परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों और राज्य सरकार के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक रांची
झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों और राज्य सरकार के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक रांची स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में आयोजित की गई, जिसमें सरकार के चार मंत्रियों और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच लगभग एक घंटे तक बातचीत हुई। बैठक के बाद छात्र नेता रविंद्र पासवान ने इसे सकारात्मक बताया और कहा कि उन्हें विश्वास है कि सरकार, मुख्यमंत्री और सभी मंत्री उनकी मांगों को गंभीरता से समझेंगे।
जैपल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC अभ्यर्थियों का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। यह प्रदर्शन उन परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं के खिलाफ है, जिसके लिए प्रदर्शनकारी लंबे समय से सरकार से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। इसी बीच, सरकार की ओर से बातचीत का प्रस्ताव मिलने के बाद छात्रों ने अपना प्रतिनिधिमंडल वार्ता के लिए भेजा।
बैठक के बाद रविंद्र पासवान ने कहा कि यह उनकी पहली बैठक थी और माहौल काफी सकारात्मक रहा। उन्होंने कहा, "यह बहुत सकारात्मक लगी। सभी के साथ बैठना ऐसा लगा जैसे परिवार के साथ बैठे हों।" पासवान ने इस बात का भरोसा जताया कि सरकार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उनकी मांगों को जायज मानते हुए उन पर विचार करेंगे।
उन्होंने बताया कि छात्रों की प्रमुख मांगों को तीन हिस्सों में बांटा गया है- रद्दीकरण, जांच और सुधार। रद्दीकरण के तहत प्रदर्शनकारी JSSC की परीक्षाओं के साथ-साथ TDPL एजेंसी द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। इसके अलावा, वे उन सभी परीक्षाओं को भी रद्द करने की मांग कर रहे हैं, जिनमें अभय तिवारी की कथित भूमिका या संलिप्तता रही है।
















